गंगापुर सिटी।पंकज शर्मा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी द्वारा रेलवे स्टेशन पर की जा रही निःशुल्क जल सेवा इस वर्ष भी 1 मई से शुरू होकर 15 जुलाई तक अनवरत जारी रहेगी। यह सेवा पिछले 18 वर्षों से गर्मी के मौसम में यात्रियों की सेवा का माध्यम बनी हुई है।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रॉलियों में रखे जलपात्र यात्रियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इन ट्रॉलियों पर “दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी”, “निःशुल्क जल सेवा”, “जल है तो कल है” और “आओ मित्र बनें” जैसे संदेश अंकित हैं। साथ ही भगवान महावीर स्वामी का चित्र और “हम बने वर्धमान” का उद्घोष सेवा भाव को दर्शाता है।
सेवा की मुख्य बातें:
– सेवा काल: 1 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक
– स्थान: गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म नंबर 1
– संचालन: ग्रुप के दर्जनों पुरुष-महिला सदस्य एवं शहर की सामाजिक कार्यकर्ता शाम 6:00 से रात 10:00 बजे तक ट्रेनों के आगमन पर यात्रियों को स्नेहपूर्वक शीतल जल पिलाएंगे। साथ ही सुबह 8:00 बजे से संगठन द्वारा नियुक्त सेवादार जल सेवा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
– विशेषता: यह पूर्णतः निःशुल्क सेवा है, जिसका खर्च ग्रुप के सदस्य और जल सेवक स्वयं वहन करते हैं।
ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ एवं सचिव महेश जैन ने बताया कि भीषण गर्मी में सफर करने वाले यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों को राहत देना ही इस सेवा का मुख्य उद्देश्य है। “जियो और जीने दो” के सिद्धांत पर चलने वाला जैन समाज मानव सेवा को सर्वोपरि मानता है। स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्री इस सेवा से लाभान्वित होते हैं।
ग्रुप अध्यक्ष नरेंद्र जैन ‘नृपत्या’ ने बताया कि जल सेवा करने वाले सभी कार्यकर्ताओं की कोशिश रहती है कि यात्रियों को शीतल जल के लिए डिब्बे से नीचे न उतरना पड़े। उनकी सीट पर ही खिड़कियों के माध्यम से बोतलों में जल भरा जाता है, क्योंकि ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है और उतरने-चढ़ने में कई बार ट्रेन छूटने का डर रहता है। इस जल सेवा में रेलवे का पूर्ण सहयोग मिलता है।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।