सवाई माधोपुर 24 अक्टूबर। पर्यटन, कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के प्रमुख शासन सचिव राजेश यादव की अध्यक्षता एवं जिला कलक्टर कानाराम की उपस्थिति में शुक्रवार को सवाई माधोपुर में पर्यटन विकास, सुरक्षा और सुविधाओं के विषय में कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि सवाई माधोपुर राजस्थान का गौरव है यहां का रणथम्भौर दुर्ग, रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान वन्यजीव अभयारण्य और स्थानीय संस्कृति वैश्विक स्तर पर राजस्थान की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ-साथ सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा एवं आपात सेवाओं की प्रभावी व्यवस्था अनिवार्य है, ताकि हर पर्यटक को सुरक्षित और सुखद अनुभव मिल सके।
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के माध्यम से सवाई माधोपुर को नए अवसर मिले हैं, जिनका लाभ उठाते हुए होटल, वन एवं पर्यटन विभाग को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने होटल संचालकों के साथ संवाद कर पर्यटकों की सुविधाओं में सुधार करने, सफारी वाहनों की संख्या बढ़ाने सहित अन्य जोन खोलने, वेबसाइट को अपडेट रखने तथा सड़कों, स्वच्छता और परिवहन व्यवस्था को वैश्विक स्तर का बनाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में आरटीडीसी से सम्बद्ध होटलों को स्थायी सफारी केंटर सुविधा प्रदान करने, रणथम्भौर रोड पर वॉकिंग ट्रैक, सार्वजनिक पार्किंग स्थल, प्रकाश व्यवस्था और नो-पार्किंग जोन बनाने के प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में खंडार किले, कुशल झील, चौथ माता मंदिर, शिल्पग्राम और साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि रणथम्भौर के पर्यटक फोटो और वीडियो को राजस्थान पर्यटन के सोशल मीडिया हैंडल्स पर साझा किया जाए, जिससे सवाई माधोपुर की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो। उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए साइबर फ्रॉड रोकथाम हेतु आधिकारिक मोबाइल एप से सफारी बुकिंग की व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया।
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि पर्यटन केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, सुरक्षा और संवेदनशीलता का प्रतिबिंब है। सवाई माधोपुर आने वाला हर पर्यटक यहां की सुंदरता के साथ-साथ हमारी जिम्मेदारी और व्यवस्था का अनुभव करे, यही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।