अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिलेभर की सभी तालुकाओं में जागरूकता शिविर आयोजित कर नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया
सवाई माधोपुर।पंकज शर्मा। नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में जिला मुख्यालय सहित जिले की सभी तालुकाओं में व्यापक स्तर पर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों ने आमजन और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, रोकथाम तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।
जिला मुख्यालय पर दी गई नशे के दुष्प्रभावों और विधिक सहायता की जानकारी
जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर पर पैनल अधिवक्ता नंदकिशोर बैरवा तथा अधिकार मित्र सुनिता जोनवाल, रिंकी सैन, मुकेश कुमार शर्मा, बुनियाद अली, गिर्राज रैगर, मगनलाल मीणा, धनराज मीणा एवं अनिता गर्ग ने आमजन को डॉन योजना-2025, नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव, नशे की रोकथाम, नशा पीड़ितों के पुनर्वास तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
सभी तालुकाओं में आयोजित हुए जागरूकता शिविर
तालुका बामनवास में अधिकार मित्र भूरसिंह गुर्जर एवं हाकिम सिंह गुर्जर, तालुका खंडार में अधिकार मित्र पुष्पेंद्र गौतम एवं बैकुंठ नाथ मिश्रा, तालुका गंगापुर सिटी में पैनल अधिवक्ता रामस्वरूप टटवाल एवं अधिकार मित्र मुकेश कुमार गुर्जर, तालुका बौंली में अधिकार मित्र बामचंद भदौरिया तथा तालुका चौथ का बरवाड़ा में अधिकार मित्र आशाराम नगर द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
इन शिविरों में आमजन एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए सामूहिक सहभागिता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
नशा स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए घातक
शिविरों में वक्ताओं ने बताया कि नशीली दवाओं का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं के अवैध व्यापार एवं तस्करी की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने का आह्वान किया।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।