भारतीय जैन मिलन की गंगापुर सिटी शाखा का गठन, डॉ. मनोज जैन अध्यक्ष


राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में डॉ. मनोज जैन अध्यक्ष और रितेश पल्लीवाल सचिव मनोनीत, नए पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ

गंगापुर सिटी।जैन समाज के राष्ट्रीय सामाजिक संगठनों में शामिल भारतीय जैन मिलन की गंगापुर सिटी शाखा का विधिवत गठन किया गया। सवाई माधोपुर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सुरेश जैन ‘ऋतुराज’ ने भगवान महावीर स्वामी को साक्षी मानकर नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।

गंगापुर सिटी शाखा के लिए डॉ. मनोज जैन को अध्यक्ष और रितेश पल्लीवाल को सचिव मनोनीत किया गया। वहीं विमल जैन गोधा और नरेंद्र जैन नृपत्या को भी प्रमुख दायित्व सौंपे गए। राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने जल्द ही गंगापुर सिटी शाखा का विस्तार करने के निर्देश दिए।

500 से अधिक पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश सहित देशभर से 500 से अधिक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम संयोजक एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश जैन पाटनी ने बताया कि भारतीय जैन मिलन की देशभर में करीब 1600 शाखाएं वर्तमान में कार्य कर रही हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, चौथ का बरवाड़ा, अलीगढ़ सहित कई स्थानों पर नई शाखाओं के गठन की घोषणा की गई और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।

पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के संदेश को लेकर रणथंभौर मार्ग पर जागरूकता रैली के साथ हुई। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

इसके बाद संगठन के सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आगामी सामाजिक गतिविधियों और संगठन के कार्यक्रमों को लेकर रणनीति भी तय की गई।

सवाई माधोपुर शाखा ने किया अतिथियों का सम्मान

आयोजन के दौरान सवाई माधोपुर शाखा के अध्यक्ष विनोद जैन के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों और अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान अतिथियों को माला, दुपट्टा और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।

गंगापुर सिटी शाखा के गठन के साथ स्थानीय स्तर पर भारतीय जैन मिलन की सामाजिक गतिविधियों को विस्तार देने की दिशा में संगठन की ओर से आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू की जाएंगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *