जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी के नेतृत्व में प्रदर्शन; NTA को भंग करने और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ रोकने की उठाई आवाज
डीग (आवाज आपकी न्यूज)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार बुधवार को डीग के लक्ष्मण मंदिर चौराहे पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने नीट 2026 परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
छात्रों और अभिभावकों के दर्द को दी आवाज प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अभिभावक अपने गहने गिरवी रखकर बच्चों को डॉक्टर बनाने का सपना देखते हैं। बच्चे और उनके परिवार वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होना युवाओं के भविष्य के साथ बड़ा कुठाराघात है। कांग्रेस ने मांग की कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तुरंत भंग किया जाए और शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा दें।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी विरोध प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्वेता यादव, जिला परिषद सदस्य मोहन सिंह गुर्जर, खोह ब्लॉक अध्यक्ष भवानी सिंह, और डीग ब्लॉक अध्यक्ष पंकज भूषण ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं का हुजूम इस दौरान नगर ब्लॉक अध्यक्ष सुघड़ सिंह जाटव, कामां ब्लॉक अध्यक्ष फज्जर खान, देवेंद्र पहाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष सहित अशोक कुमार शर्मा, श्रीराम चूल्हरा, राजेश मीना और दर्जनों प्रकोष्ठ अध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में छात्रों के लिए न्याय की मांग की।
