जिला अस्पताल पार्किंग, जलभराव, नालों की सफाई, फूड हब, सीसीटीवी और अतिक्रमण हटाने सहित शहर की व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की गई।
डीग | डीग शहर का जिला कलक्टर ने किया सघन निरीक्षण करते हुए मानसून प्रबंधन, साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलक्टर मयंक मनीष ने मंगलवार को शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर आगामी मानसून को देखते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत गणेश मंदिर से हुई। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल पार्किंग, नई सड़क, सब्जी मंडी, मेला ग्राउंड क्षेत्र, नेहरू पार्क के पास निर्माणाधीन फूड स्ट्रीट, बड़ा बाजार, लोहा मंडी और पुराने बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।
मानसून और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर मयंक मनीष ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जिला अस्पताल के आसपास पार्किंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मरीजों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने शहर की संकरी सड़कों का निरीक्षण करते हुए नगर परिषद को निर्देश दिए कि मास्टर प्लान और नियमानुसार सभी स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमणों की पहचान की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत हो तथा संबंधित व्यक्ति को नोटिस और सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाए।
साथ ही उन्होंने मीडिया के माध्यम से शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाया तो इससे शहर के विकास और सुगम यातायात में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
ड्रेनेज सफाई के बाद सिल्ट तुरंत हटाने के निर्देश
मानसून प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने मुख्य नालों की सफाई पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन निर्देश दिए कि नालों से निकाली गई सिल्ट को तुरंत हटाकर उचित स्थान पर निस्तारित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान वह दोबारा नालों में न पहुंचे।
उन्होंने नालों की नियमित सफाई जारी रखने तथा शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां पंप एवं पंप-सेट पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, जिससे आपात स्थिति में पानी की निकासी तत्काल की जा सके।
इसके अलावा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत अनुकूल मौसम का लाभ उठाते हुए शहर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए।
फूड हब और वेस्ट टू वंडर पार्क की भी समीक्षा
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने नेहरू पार्क और मेला ग्राउंड क्षेत्र में निर्माणाधीन फूड हब को गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि बृजेंद्र पार्क को वेस्ट टू वंडर पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। पार्क में कचरे से बनी विभिन्न कलाकृतियां और संरचनाएं तैयार हो चुकी हैं। उन्होंने पार्क के निचले हिस्सों में मिट्टी भराव कराने, सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा कलाकृतियों को व्यवस्थित रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि यह शहरवासियों के लिए आकर्षक पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल बन सके।
सीसीटीवी कैमरे जल्द हों चालू
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला कलक्टर ने डीओआईटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को जल्द से जल्द चालू कराया जाए। उन्होंने बताया कि पूछरी क्षेत्र में कैमरे इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ सक्रिय हो चुके हैं, जबकि डीग शहर में कई स्थानों पर कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं और कुछ स्थानों पर कार्य जारी है।
उन्होंने जयपुर मुख्यालय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि संबंधित फर्म कार्य में लापरवाही बरत रही है तो उसे नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाए, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कैमरे शीघ्र चालू होकर उनका लाइव फीड सीधे पुलिस कंट्रोल रूम तक उपलब्ध हो।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां, उपखंड अधिकारी डीग अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।