डीग में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी


घर में चुन्नी के फंदे से लटकी मिली 22 वर्षीय विवाहिता, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।

डीग। डीग शहर के सराय मोहल्ले में बुधवार शाम एक 22 वर्षीय विवाहिता घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेशा (22) बुधवार शाम करीब छह बजे घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में चुन्नी के फंदे से लटकी मिली। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। बताया गया कि महिला के ससुर जग्गा भेड़ चराने जंगल गए हुए थे, जबकि उसकी सास घर के पास बने घेर में पशुओं को चारा डालने गई थीं।

परिजनों ने देखा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था

कुछ देर बाद जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने विवाहिता को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे छत पर बने कमरे तक पहुंचे, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर प्रवेशा फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

फरवरी 2026 में हुई थी शादी

बताया गया कि मृतका भरतपुर जिले के खैमरा गांव की निवासी थी। उसकी शादी फरवरी 2026 में डीग के सराय मोहल्ला निवासी सरपंच (25) के साथ हुई थी। घटना के समय उसका पति मथुरा में डेयरी व्यवसाय के सिलसिले में मौजूद था।

एसडीएम और पुलिस मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना पर उपखंड अधिकारी अमित मीणा तथा शहर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की और परिजनों को सूचना दी। देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए डीग जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *