राजस्थान सीमा स्थित सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर जिला कलक्टर मयंक मनीष ने सुरक्षा, ड्रेनेज और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
डीग। आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। गुरुवार को जिला कलक्टर मयंक मनीष ने पूंछरी स्थित गोवर्धन पर्वत के सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग का सघन निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित आन्यौर द्वार से निरीक्षण शुरू करते हुए राजस्थान सीमा में आने वाले संपूर्ण परिक्रमा मार्ग का पैदल भ्रमण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा बनाए जा रहे वॉच टावर, पुलिस चौकियां, बैरिकेडिंग, टेंट-कनात और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। साथ ही परिक्रमार्थियों के विश्राम स्थलों पर पेयजल, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सांस्कृतिक स्थलों और सौंदर्यीकरण कार्यों का भी निरीक्षण
जिला कलक्टर ने परिक्रमा मार्ग पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्थलों, रंग-रोगन, विद्युत व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मानसून को देखते हुए परिक्रमा मार्ग पर स्थित सभी विद्युत ट्रांसफॉर्मरों को सुरक्षा की दृष्टि से विशेष प्रोटेक्टिव शीट से कवर किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
ड्रेनेज सिस्टम और जल निकासी पर विशेष ध्यान
मीडिया से बातचीत में जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बताया कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए पूरे परिक्रमा क्षेत्र में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत किया गया है। नालों को कवर किया जा रहा है तथा जल निकासी के लिए पर्याप्त संख्या में पंप सेट तैनात किए गए हैं, ताकि भारी वर्षा की स्थिति में भी पानी का तत्काल निकास सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि राजस्व, नगर परिषद, नगरपालिका, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी और चिकित्सा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
श्रद्धालुओं को मिले सुरक्षित और सुगम वातावरण
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और परिक्रमार्थी को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद भरतपुर मृदुल सिंह, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हेम सिंह यादव, उपखंड अधिकारी अमित मीना, तहसीलदार अंकित गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।