महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष स्वेता यादव ने बिजली कटौती, कम वोल्टेज और जर्जर विद्युत ढांचे की समस्याएं उठाईं
डीग।अमर दीप सैन। डीग विद्युत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव ने बिजली विभाग की CMD आरती डोगरा को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की समस्याओं को उठाया गया
एडवोकेट स्वेता यादव ने बताया कि डीग जिले के अनेक गांवों और कस्बों में बार-बार बिजली कटौती, जर्जर विद्युत लाइनें, कम वोल्टेज, खराब ट्रांसफार्मर तथा नए विद्युत कनेक्शनों में देरी जैसी समस्याओं के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का सबसे अधिक प्रभाव किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं महिलाओं पर पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन और कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सीकरी के 220 केवी जीएसएस का मुद्दा भी उठाया
ज्ञापन में मांग की गई कि सीकरी में स्वीकृत 220 केवी जीएसएस आज तक चालू नहीं किया गया है, जबकि वर्तमान में 132 केवी जीएसएस पर लोड दिया गया है, जिसकी कुछ मशीनें खराब पड़ी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती लगातार हो रही है तथा उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में विद्युत आपूर्ति नहीं मिल रही है। इसके कारण ग्रामीणों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अंडरग्राउंड कार्य और स्टाफ व्यवस्था पर भी सवाल
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि डीग सिटी में पूर्व में अंडरग्राउंड विद्युत कार्य केवल कागजों में किया गया है, जबकि धरातल स्तर पर कार्य दिखाई नहीं देता।
इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया कि डीग जिले में पर्याप्त मंत्रालयिक स्टाफ उपलब्ध होने के बावजूद स्टोर, सीसी सेक्शन और केस जैसे महत्वपूर्ण सेक्शनों में तकनीकी कर्मचारियों को लगाया गया है, जो नियम विरुद्ध बताया गया है।
जर्जर तार और खंभे बदलने की मांग
स्वेता यादव ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि जर्जर विद्युत तारों और खंभों को तत्काल बदला जाए, खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए तथा जहां आवश्यकता हो वहां नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएं।
साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विशेष कार्ययोजना बनाने की मांग भी रखी।
कई गांवों में दिन-रात बिजली बंद रहने का दावा
एडवोकेट स्वेता यादव ने कहा कि डीग जिले के कई गांवों में पूरा दिन और रात बिजली आपूर्ति बंद रहती है, जिससे लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने विभाग से मांग की कि तकनीकी सर्वे कराकर विद्युत ढांचे को मजबूत किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जा सके और बार-बार आने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान हो।
शिकायत निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए तथा बिजली विभाग के अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने के निर्देश दिए जाएं।
CMD ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
CMD आरती डोगरा ने ज्ञापन प्राप्त कर समस्याओं को गंभीरता से लेने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एडवोकेट स्वेता यादव ने कहा कि वे जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत हैं और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाती रहेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई कर डीग जिले की विद्युत समस्याओं का समाधान किया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।