जिला कलेक्टर के माध्यम से सरकार को भेजा ज्ञापन
बांसवाड़ा, अरुण जोशी: राजस्थान अधीनस्थ सेवा कर्मचारी में शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति विसंगति दूर करने की मांग को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजा। जिला शारीरिक शिक्षक संघ के प्रवक्ता नितेश पण्डया ने बताया कि जिलाध्यक्ष विनोद पानेरी, प्रदेश मंत्री धन्नालाल खांट एवं कोषाध्यक्ष राजेन्द्र गरासिया के नेतृत्व में दिये ज्ञापन में शारीरिक शिक्षकों के कैडर का पुनर्गठन करते हुए पदोन्नति के लिए 50 प्रतिशत करने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, प्रमुख शासन सचिव एवं निदेशक शिक्षा विभाग को भेजे पत्र में कैडर पुनर्गठन को बजट घोषणा में शामिल करने की मांग की है। इस मौके पर बांसवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष हरीश व्यास, तलवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष बृजमोहन सोलंकी, दिलीप डाबी, गोपाल कलाल, राजेन्द्र व्यास, लालसिंह सउवन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष पानेरी ने बताया कि अन्य संवर्ग में कार्मिक को जीवन में 5 से 7 पदोन्नति के अवसर मिल रहे हैं, जबकि कईं शारीरिक शिक्षक को एक भी पदोन्नति जीवन में नहीं मिलती है। वर्तमान में शारीरिक शिक्षकों के पदोन्नति के लिए 18.79 प्रतिशत ही स्वीकृत है, इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की मांग पूरे राजस्थान में की जा रही है। ये जानकारी जिलाध्यक्ष विनोद पानेरी ने दी।
