भीषण गर्मी में भक्तों को मिली राहत; आरओ सिस्टम से लैस कूलर में ठंडे के साथ गुनगुने पानी की भी सुविधा
भीलवाड़ा के नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में ‘मां भारती समूह’ की अनूठी सेवा पहल
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। जन-जन की आस्था के केंद्र गाडरमाला रोड स्थित नौगांवा सांवरिया सेठ मंदिर में भीषण गर्मी के इस दौर में श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर आई है। सेवा और समर्पण के भाव के साथ ‘मां भारती समूह’ की मातृ शक्ति द्वारा मंदिर प्रांगण में एक आधुनिक वॉटर कूलर स्थापित किया गया है, जिसका विधिवत लोकार्पण किया गया।
आधुनिक तकनीक: हर मौसम के अनुकूल सुविधा इस वॉटर कूलर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पूरी तरह आरओ (RO) सिस्टम से लैस है। यह न केवल गर्मी के मौसम में शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराएगा, बल्कि शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए इसमें हल्का गुनगुना पानी प्रदान करने की सुविधा भी दी गई है। मां भारती समूह की महिलाओं ने इस प्रकल्प के जरिए ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का संदेश दिया है।
भक्तों की उदारता से सुदृढ़ हो रही व्यवस्थाएं लोकार्पण के अवसर पर सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने मां भारती समूह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भक्तों के इसी प्रकार के सहयोग और उदारता से मंदिर की व्यवस्थाएं सुदृढ़ हो रही हैं। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए यह वॉटर कूलर एक बड़ी राहत साबित होगा। स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे मंदिर के विकास में एक सराहनीय कदम बताया है।