इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति की आमसभा संपन्न, धर्मशाला निर्माण में सहयोग की अपील


निर्माणाधीन धर्मशाला की प्रगति की समीक्षा, 25 अगस्त की यात्रा और 108 मीटर लहरिया महोत्सव की तैयारियों पर हुई चर्चा।

गंगापुर सिटी। मां इंदरगढ़ बिजासन सेवा समिति की आमसभा गुरुवार शाम भगवती पैलेस में समिति अध्यक्ष देवी चरण गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ मां इंदरगढ़ बिजासन के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सभा में निर्माणाधीन धर्मशाला की प्रगति, आगामी धार्मिक आयोजनों तथा समिति की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

समिति के महामंत्री वेद प्रकाश मंगल ने पिछली बैठक की कार्रवाई का वाचन कर अनुमोदन कराया। उन्होंने बताया कि जिला बूंदी स्थित मां इंदरगढ़ बिजासन धाम पर गंगापुर सिटी श्रद्धालुओं की ओर से निर्माणाधीन धर्मशाला में अब तक बैंक्वेट हॉल, रिसेप्शन हॉल, किचन, चौकीदार कक्ष, मैनेजर कक्ष, जनसुविधाएं सहित लगभग 5,500 वर्गफीट आरसीसी निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है।

12 कमरों का निर्माण कार्य जारी

महामंत्री ने बताया कि वर्तमान में 12 अटैच लेट-बाथ वाले कमरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। नींव, फाउंडेशन, कॉलम, दासाबंदी, सोलिंग, गिट्टी एवं पीसीसी का कार्य पूरा हो चुका है तथा अब चिनाई का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर के चौक को पक्का कर गार्डन विकसित करने का कार्य भी कराया गया है।

धर्मशाला निर्माण के लिए सहयोग की अपील

समिति के कोषाध्यक्ष मनीष सिंघल ने धर्मशाला निर्माण में प्राप्त दान एवं व्यय का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि अब तक प्राप्त समस्त राशि निर्माण कार्य में खर्च हो चुकी है। उन्होंने धर्मशाला को शीघ्र पूर्ण करने के लिए श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं से सहयोग देने की अपील की।

सभा में सभापति शिवरतन अग्रवाल एवं पूर्व चेयरमैन सुरेशचंद सिंघल ने कहा कि यह धर्मशाला गंगापुर सिटी के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनेगी। उन्होंने सभी सदस्यों एवं समाजजनों से अधिकाधिक आर्थिक सहयोग कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया।

ट्रस्टी सदस्यों का किया सम्मान

बैठक में अनेक श्रद्धालुओं ने धर्मशाला निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणा करते हुए ट्रस्टी सदस्य बनने की सहमति दी। इस अवसर पर समिति की ओर से शिवरतन अग्रवाल, सुरेशचंद सिंघल, तारा देवी वालौती, सुदर्शन मित्तल, महेश नारोली, कमलेश खिदिरपुर, दिनेश करणपुर, गंगाप्रसाद एडवोकेट, जगदीश प्रसाद एडवोकेट, सतीश मधुबन, ललित अग्रवाल, हनुमान लोहा, दीनदयाल मच्छीपुरा, संदीप जैमिन, बबलू चौबे, नरसीलाल, पुरुषोत्तम माइक्रो, ओमप्रकाश, अशोक करौली, डॉ. सीताराम, बाबूलाल व्याख्याता, अशोक जांगिड़ सहित सभी ट्रस्टी सदस्यों का माता रानी का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

25 अगस्त को निकलेगी यात्रा

समिति अध्यक्ष देवी चरण गर्ग ने बताया कि 25 अगस्त को मां इंदरगढ़ बिजासन धाम के लिए यात्रा रवाना होगी। रात्रि में भव्य जागरण आयोजित किया जाएगा तथा 26 अगस्त को 108 मीटर लंबा लहरिया महोत्सव एवं विशाल भंडारा आयोजित होगा। इसके अलावा भाद्रपद माह में ध्वज यात्रा भी निकाली जाएगी।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजनों का पुण्य लाभ लेने की अपील की।

बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने सहभोज में प्रसादी ग्रहण की। अंत में समिति की ओर से उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *