आइडिया टॉवर के पास देर रात हादसा: एसी, फ्रिज और एलईडी भी आग की चपेट में आए, तीन दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
नदबई (भरतपुर)। नदबई कस्बे में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक दुकान और गोदाम में गुरुवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में ‘खण्डेलवाल एंड ब्रदर्स’ की दुकान, दो गोदाम और घर का घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
देर रात हुआ हादसा: जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी महेश खण्डेलवाल बुधवार रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद करके घर गए थे। देर रात अचानक दुकान की विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग सुलग गई। दुकान बंद होने के कारण शुरुआती घंटों में किसी को भनक तक नहीं लगी।
किराएदार महिला ने मचाया शोर: तड़के करीब 3 बजे घर में रह रही एक किराएदार शिक्षक महिला को सामान जलने की बदबू आई। जब उन्होंने कमरे से बाहर निकलकर देखा, तो दुकान से आग की लपटें उठ रही थीं। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और निजी स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
मशक्कत के बाद बुझी आग: सूचना मिलने पर नदबई, भरतपुर और वैर से तीन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखे 50 हजार रुपये नगद, दो गोदामों का स्टॉक, एसी, फ्रिज, एलईडी और अन्य कीमती सामान जल चुका था। आग इतनी भीषण थी कि दुकान और गोदाम की छत और दीवारें भी जर्जर हो गई हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच: घटना की सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस एमएन भरत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और नुकसान का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें:
Bharatpur, Rajasthan