स्वच्छ भारत अभियान के बिल पास करने और सिक्योरिटी राशि वापस दिलाने के नाम पर मांगी थी घूस
लाखेरी (बूंदी)। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा प्रहार करते हुए बूंदी जिले में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी स्पेशल यूनिट कोटा ने गुरुवार (7 मई) को सखावदा ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सतवीर सिंह कुमावत को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने 5 मई को कोटा यूनिट में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी पंचायत समिति केशवरायपाटन के तहत सखावदा पंचायत में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत कचरा संग्रहण और नाली सफाई का ठेका चलाता है। परिवादी ने साफ-सफाई के दो महीने के बिल पास करने और अपनी सिक्योरिटी राशि वापस दिलाने के लिए ग्राम विकास अधिकारी से संपर्क किया था।
रिश्वत की मांग और जाल
ग्राम विकास अधिकारी सतवीर सिंह कुमावत ने 1,50,377 रुपये के बिल पास करने, सिक्योरिटी राशि लौटाने और भविष्य में बिना किसी रुकावट के काम करने देने के बदले 25,000 रुपये की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
7 मई को पुलिस निरीक्षक पृथ्वीराज मीणा की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे दबोच लिया। वर्तमान में एसीबी की टीमें आरोपी से पूछताछ कर रही हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें:
2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।