नदबई: खुर्रमपुर के पास बदमाशों का तांडव, दो युवकों से मारपीट कर 30 हजार नगदी और बाइक लूटी


मजदूरी देने जा रहे थे युवक, रास्ते में रोककर विल्ला और उसके साथी ने दिया वारदात को अंजाम

नदबई (भरतपुर)। नदबई थाना क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर में बाइक सवार बदमाशों द्वारा दो युवकों के साथ मारपीट कर नगदी और बाइक लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई जब युवक अपने चचेरे भाई के साथ मजदूरी के पैसे देने जा रहा था।

रास्ते में घेरकर की मारपीट: पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे खुर्रमपुर निवासी विशाल जाटव अपने चचेरे भाई अजय जाटव के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। उनके पास मजदूरों को देने के लिए 30 हजार रुपये थे। जैसे ही वे खुर्रमपुर और शाहपुर के बीच पहुँचे, शाहपुर निवासी विल्ला और उसके एक अन्य साथी ने उनका रास्ता रोक लिया।

नकदी और बाइक लेकर फरार

बदमाशों ने दोनों भाइयों के साथ बेरहमी से मारपीट की और उनसे 30 हजार रुपये की नगदी और उनकी बाइक छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस कर रही है तलाश

घायल विशाल की माता सुशीला देवी ने नदबई थाने में नामजद आरोपी विल्ला और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौका मुआयना किया और इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की, हालांकि फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

यह भी पढ़ें: 


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now