मीना लसारिया ने संभाला जिला मुख्य आयुक्त का पदभार


सवाई माधोपुर 2 दिसम्बर। शासन सचिव स्कूल शिक्षा-राजस्थान एवं हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स राजस्थान राज्य के पदेन राज्य मुख्य आयुक्त के आदेशानुसार मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मीना लसारिया ने हिन्दुस्तान स्काउट गाइड सवाईमाधोपुर के पदेन जिला मुख्य आयुक्त का पदभार ग्रहण किया।
जिला स्काउट सचिव रूपनारायण गुर्जर ने बताया कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मीना लसारिया का स्काउटिंग परंपरा के अनुसार संगठन का स्कार्फ पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। डी.ओ.(स्काउट) भरत लाल प्रजापत द्वारा हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स राजस्थान राज्य संगठन, जिले में हिंदुस्तान स्काउट गाइड हेतु आवंटित, पंजीकृत एवं स्काउट गाइड गतिविधियों में सक्रिय विद्यालयों की जानकारी दी गई।
श्रीमती मीना लसारिया ने जिले के ऐसे विद्यालय जिनमें स्काउट गाइड गतिविधियां सक्रिय रूप से नहीं चल रही है, उन समस्त विद्यालयों को हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स संगठन से पंजीकृत करवाकर प्रत्येक विद्यालय से बालक बालिकाओं को स्काउट गाइड गतिविधियों से जुड़वाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार एवं शिक्षा विभाग की नीति के अनुसार प्रत्येक विद्यालय में स्काउट गाइड का सक्रिय संचालन आवश्यक है।
इस अवसर पर ब्लॉक सचिव प्रेमसुख मीना, स्काउटर रामावतार योगी सहित समसा कार्यालय का स्टाफ आदि उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now