हिल ट्रैक सोसाइटी की पहल पर छात्र-छात्राओं को छाते और लंच सामग्री मिली, बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच हिल ट्रैक सोसाइटी फॉर एजुकेशन, एनवायरनमेंट एंड एनर्जी की ओर से स्कूली बच्चों के लिए सराहनीय सेवा पहल की गई। संस्था के तत्वावधान में राजकीय बालक उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, नैनीताल के छात्र-छात्राओं को बारिश से बचाव के लिए छाते तथा लंच सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर मोहनलाल शाह बालिका इंटर कॉलेज, नैनीताल की सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या रेखा त्रिवेदी एवं नैनीताल क्लब के सेवानिवृत्त मुख्य व्यवस्था अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से बच्चों को छाते एवं लंच सामग्री प्रदान की गई। छाते पाकर स्कूली बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान साफ दिखाई दी।
बारिश से बचाव के लिए बच्चों को बांटे छाते
लगातार बारिश के मौसम को देखते हुए बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुशीला टम्टा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए संस्था की इस पहल की सराहना की।
बच्चों की जरूरतों में सहयोग का दिया भरोसा
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती बिष्ट एवं सुश्री द्विवेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य में भी उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व पालिका चेयरमैन ने साझा किया अपना अनुभव
कार्यक्रम में नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुकेश जोशी ‘मंटू’ ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने भी इसी विद्यालय में अध्ययन किया है। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली समस्याओं को मेहनत और लगन के बल पर दूर किया जा सकता है तथा निरंतर प्रयास करने से मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को अपने जीवन की प्राथमिकता बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समिति पदाधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुशीला टम्टा ने सभी अतिथियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में हिल ट्रैक समिति की संस्थापक सदस्य कुमारी अदविका, नगर पालिका के नामित सदस्य आनंद सिंह बिष्ट, शिक्षक आलोक जोशी, सुमन मेहरा, अमित सनवाल, सुनील मिश्रा, भुवन फुलारा, मंजू पांडे, सुनीता राणा, कुमारी ज्योति तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की जरूरतों में सहयोग करने के साथ शिक्षा, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।