कुशलगढ़, बांसवाड़ा, अरूण जोशी: सज्जनगढ़ तहसीलदार हरीश सोनी ने मंगलवार को ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न राजकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण अभियान की शुरुआत राजकीय प्राथमिक विद्यालय हीरा बिलड़ी से की गई, जहाँ वर्षों से विद्यालय के कक्षों में अनुपयोगी और नकारा सामान जमा था।तहसीलदार ने इस सामान को तुरंत हटवाने के निर्देश दिए एवं संस्था प्रधान प्रियंका को विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में बैठाने के लिए पाबंद किया। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय बिलड़ी का भी निरीक्षण किया। भवन की स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत से भवन हेतु पट्टा प्राप्त करने के निर्देश दिए गए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। निरीक्षण क्रम में तहसीलदार सोनी ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय माचा, रा.प्रा.वि. बोरभाटोड़, रा.प्रा.वि. मोलन एवं रा.प्रा.वि. डूंगरीफला का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र के पटवारी अल्केश एवं प्रतीक पाटीदार भी साथ उपस्थित रहे। तहसीलदार ने सभी संस्थानों को स्वच्छता, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के मानकों को प्राथमिकता देने की बात कही।
