डूंगरी बांध के विरोध में किया सांकेतिक जल सत्याग्रह


बैठक में हर हाल में सरकार से टकराने का संकल्प

सवाई माधोपुर 11 अगस्त। धार्मिक स्थल काला खेजड़ा दूब्बी बनास में रविवार को डूंगरी बांध आंदोलन संघर्ष समिति की विशेष बैठक आयोजित हुई। दोपहर 1 बजे रामस्वरूप गुर्जर (मेंबर) की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक शाम 6 बजे तक चली। बैठक में डूंगरी बांध से प्रभावित गांवों के पंच-पटेल, प्रति गांव पांच जिम्मेदार व्यक्ति और 15 ग्राम पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे। बनास नदी के किनारे पर सांकेतिक जल सत्याग्रह करके ऐलान किया कि आंदोलन को हर हाल में बड़ी मजबूती के साथ सरकार की मनमानी से टकराया जाएगा।
बैठक में सभी ने विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन का विस्तार किया अध्यक्ष, संयोजक, सलाहकार, कोष, कानून, मीडिया और सोशल मीडिया कमेटी में नए सदस्यों को जोड़ा गया। उपस्थित सरपंचों ने अपने लेटरपैड पर सरकार के नाम डूंगरी बांध परियोजना के विरोध में ज्ञापन तैयार कर आंदोलन समिति को सौंपे, जिन्हें सामूहिक रूप से भेजा जाएगा। खंडार, सवाई माधोपुर और मलारना डूंगर क्षेत्र के सरपंचों ने संयुक्त हस्ताक्षर वाला ज्ञापन भी प्रस्तुत किया। साथ ही 15 अगस्त को ग्राम सभाएं आयोजित कर विरोध प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय हुआ कि अगले सप्ताह स्थानीय सांसद व कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, खंडार विधायक जितेंद्र बैरवा, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा और बामनवास विधायक इंदिरा मीणा के साथ मुख्यमंत्री से विशेष प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो दिल्ली में जाकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
17 अगस्त को बाडोलास में विशेष बैठक में 31 अगस्त को प्रस्तावित महापंचायत की रूपरेखा तय होगी। 21 सदस्यीय स्थायी प्रतिनिधिमंडल का गठन और प्रत्येक ग्राम में धरना-प्रदर्शन व जागरूकता सभाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होते ही कोर्ट में याचिकाएं दायर करने पर भी सहमति बनी।
सितंबर के पहले सप्ताह में करौली और सवाई माधोपुर में ट्रैक्टर महारैली आयोजित करने पर विमर्श हुआ। बैठक में ग्राम पंचायत बगिदा, सांकड़ा, एडवा, हाडोती, बाडोलास, जोडली, भूरीपहाड़ी, डूंगरी, डीडवाडा, जोलदा, खेडला, एकट, कालागुड़ा, बिच्छूदोना, चांदगांव और ओलवाड़ा के सरपंच सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आंदोलन की रणनीति और योजनाओं पर समिति के कमलेश पटेल, भरत लाल खेड़ला, मुकेश भूप्रेमी, अमर सिंह मीणा, विजेंद्र गुर्जर, रूप सिंह गुर्जर, पिंटू चेची, श्रीराम फौजी, घमंडी मीणा, रूप सिंह गुर्जर, हरिमोहन मीणा, खलाक अहमद, अनवर खान, प्रो. कन्हैया लाल, रामलाल मीणा, बंसी लाल मीणा, सुरेश कुमार बेरवा, हरिराम केवट, जय नारायण पटेल आदि ने विचार रखें।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now