कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नैनीताल में SIR अभियान का किया निरीक्षण, पारदर्शिता के दिए निर्देश


मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का बूथों पर लिया जायजा, पात्र मतदाताओं से दस्तावेज समय पर जमा कराने की अपील की।

नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत नैनीताल के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने बूथों पर चल रही नोटिसों की सुनवाई, मतदाता सूची में सुधार, दस्तावेजों के सत्यापन तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नोटिसों की तामील एवं रसीद वितरण की प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए और प्रत्येक मामले का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मतदाता सूची में त्रुटियों का कराया जाएगा सुधार

निरीक्षण के दौरान दीपक रावत ने स्वयं स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का अवलोकन किया, जिसमें कुछ नाम संबंधी त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, वे निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें।

उन्होंने कहा कि हाईस्कूल (10वीं) का प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र तथा आवश्यकता होने पर जाति प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा कर मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों का समाधान कराया जा सकता है।

पात्र मतदाताओं का नाम नहीं हटेगा

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं का मैपिंग किया जा रहा है अथवा जिनका नाम सूची में नहीं है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रांतियों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति वास्तविक एवं पात्र मतदाता है, उसका नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा तथा उसे मतदान का पूरा अधिकार प्राप्त रहेगा।

AERO अधिकारियों को दिए समयबद्ध उपस्थिति के निर्देश

दीपक रावत ने बताया कि एईआरओ (AERO) अधिकारियों का बूथवार कार्यक्रम तैयार किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एईआरओ निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

20 करोड़ की पार्किंग परियोजना का भी किया निरीक्षण

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों के निरीक्षण के बाद आयुक्त ने कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के वाहन पार्किंग स्थल का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए बताया कि इस परियोजना पर अब तक करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि पार्किंग स्थल की चारदीवारी और रेलिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा परिसर में 9 दुकानें भी तैयार हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग स्थल को शीघ्र संचालित किया जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसडीएम नैनीताल नवाजिश खालिक, सहायक निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे, विभिन्न सुपरवाइजर तथा बीएलओ उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *