विनायक विद्यापीठ भुनास की मैराथन में बेटियों ने दिया गौसेवा का संदेश


मुजरास टोल नाके से नौगांवा मंदिर तक 5 किमी दौड़ीं छात्राएं, सांवरिया सेठ के दर्शन और गौशाला भ्रमण के बाद पिलाई छाछ

भीलवाड़ा। भक्ति की राह पर बेटियों ने जब 5 किलोमीटर की दौड़ लगाई तो संदेश केवल फिटनेस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आस्था, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा से भी जुड़ गया। विनायक विद्यापीठ भुनास के तत्वावधान में आयोजित अनूठी मैराथन में गंगापुर, भुनास, ढोसर, मुजरास और लाखोला विद्यालयों की बालिकाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

लाल टी-शर्ट और काले ट्रैक पैंट में एक लय में दौड़ती छात्राएं आकर्षण का केंद्र रहीं। मैराथन मुजरास टोल नाके से शुरू होकर नौगांवा स्थित प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी हुई मैराथन

बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मियों ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली, जबकि हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और एम्बुलेंस भी मैराथन के साथ चलते रहे।

सुरक्षित माहौल में दौड़ पूरी करने के बाद छात्राओं ने श्री सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचकर प्रभु के दर्शन कर नमन किया।

गौशाला में समझी गोबर गैस प्लांट की कार्यप्रणाली

दर्शन के बाद राज नायक एवं देवेंद्र कुमावत के सानिध्य में बालिकाओं ने स्थानीय गौशाला का भ्रमण किया। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी की अगुवाई में छात्राओं ने गौमाता के दर्शन किए और गौशाला की परिक्रमा की।

इस दौरान बालिकाओं को गौशाला में स्थापित गोबर गैस प्लांट की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई। इससे छात्राओं को गौसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण और उपयोगी संसाधनों के सदुपयोग की जानकारी मिली।

छाछ वितरण के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के समापन पर परम पूज्य माधव गो विज्ञान अनुसंधान संस्थान एवं श्री सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट नौगांवा की ओर से सभी प्रतिभागी बालिकाओं को गौमाता के प्रसाद स्वरूप छाछ वितरित की गई।

मैराथन के माध्यम से बालिकाओं में स्वास्थ्य और अनुशासन के साथ भक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं गौसेवा का संदेश पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *