भारत को जानो क्विज में महाप्रज्ञा और मुरलीधर मानसिंहका स्कूल विजेता


जूनियर और सीनियर वर्ग में जीत दर्ज कर दोनों टीमें रीजनल स्तर पर करेंगी भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व

भीलवाड़ा। स्क्रीन पर सवाल आते ही बजर दबाने की होड़ शुरू हो गई। इतिहास, संस्कृति, धर्म और भारत के गौरवशाली अतीत से जुड़े सवालों ने विद्यार्थियों की मेधा और त्वरित निर्णय क्षमता को परखा। मौका था भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा की ओर से शास्त्री नगर स्थित महाप्रज्ञा पब्लिक स्कूल में आयोजित परिषद स्तरीय ‘भारत को जानो’ क्विज प्रतियोगिता का।

‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर स्क्रीन और बजर राउंड के साथ आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मुकाबला किया। प्रतियोगिता में भीलवाड़ा शहर के 9 जूनियर और 5 सीनियर विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। मंच पर सवालों की बौछार के बीच त्वरित जवाब देने की होड़ ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया।

जूनियर वर्ग में महाप्रज्ञा पब्लिक स्कूल विजेता

जूनियर वर्ग में महाप्रज्ञा पब्लिक स्कूल, शास्त्री नगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने सवालों का तेजी से जवाब देते हुए प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

सीनियर वर्ग में मुरलीधर मानसिंहका बालिका स्कूल ने बाजी मारी

सीनियर वर्ग में सेठ मुरलीधर मानसिंहका बालिका राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की टीम विजेता रही। दोनों वर्गों की विजेता टीमों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

अब महाप्रज्ञा पब्लिक स्कूल की जूनियर टीम और मुरलीधर मानसिंहका बालिका स्कूल की सीनियर टीम रीजनल स्तर की ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगी।

शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, कार्यक्रम प्रभारी मनोज माहेश्वरी, सह प्रभारी भैरूलाल अजमेरा, अतुल शाह, शिव नारायण ईनाणी और ओम प्रकाश मूंदड़ा उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों के 8 शिक्षक, 5 अतिथि और 4 अभिभावक भी मौजूद रहे और विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के साक्षी बने।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *