मां गंगा ने बड़े हनुमान मंदिर में किया प्रवेश


हर-हर महादेव और जय मां गंगा के गूंजे जयकारे

पूरा संगम हुआ जलमग्न नगर कोतवाल हनुमान जी को मां गंगा ने कराया स्नान

प्रयागराज। संगम नगरी में एक बार फिर प्रकृति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन जल ने संगम तट पर स्थित लेटे हुए बड़े हनुमान जी को स्नान कराया। जैसे ही जल गर्भगृह तक पहुंचा, मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा। इस अलौकिक क्षण पर बाघम्बरी गद्दी के महंत बलवीर गिरी महाराज ने अपने शिष्यों के साथ मां गंगा, यमुना और सरस्वती का विधिवत पूजन और आरती की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी के इस अनोखे मिलन को पुण्यदायी और शुभ संकेत माना। स्थानीय मान्यता है कि जब भी त्रिवेणी का जल स्वयं आकर बड़े हनुमान जी का स्नान कराता है, तो यह प्राकृतिक रूप से शुभ समय और आशीर्वाद का प्रतीक होता है। इससे पहले सुबह से ही मंदिर में विशेष श्रृंगार, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे।इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मां गंगा-यमुना का अभिनंदन करते हुए भक्ति में डूबे नजर आए। गौरतलब है कि जहां एक ओर गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है — पिछले चार घंटों में 14 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई — वहीं यमुना में नौ सेंटीमीटर की मामूली गिरावट देखी गई है। बावजूद इसके, संगम क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना दिया है।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now