नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई, मेडिकल स्टोरों के सघन निरीक्षण के निर्देश


डीग में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए निरंतर निरीक्षण और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए

डीग, 24 जून।अमर दीप सेन। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार, दुरुपयोग तथा मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को जिला कलेक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान दवाओं के अवैध क्रय-विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण, मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान एक मेडिकल शॉप पर टैबलेट प्रेगाबालिन 300 एमजी बिना वैध चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन और नियमों के विपरीत पाई गई थी।

नियमों के उल्लंघन और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस कार्रवाई को प्रशासन द्वारा अवैध दवा कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

20 से अधिक मेडिकल स्टोरों का किया गया निरीक्षण

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि पिछली समीक्षा बैठक के बाद से अब तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोरों के 20 से अधिक सघन निरीक्षण किए जा चुके हैं। इन निरीक्षणों के माध्यम से दवा बिक्री से संबंधित नियमों की पालना सुनिश्चित की जा रही है तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वाली दुकानों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरंतर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नशामुक्त समाज निर्माण के लिए दिलाई शपथ

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

जागरूकता गतिविधियों के नियमित आयोजन के निर्देश

जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को निर्देश दिए कि आमजन विशेषकर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

इन गतिविधियों में नशे के विरुद्ध शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैली, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, कार्यशाला और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम शामिल किए जाएं, ताकि समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जागरूकता विकसित हो सके।

अनेक अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी मनोज खुराना, सीडीपीओ योगिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *